दुनिया के सबसे बदनाम फाइनेंसर और यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन की 2019 में हुई रहस्यमयी मौत के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, एपस्टीन द्वारा जेल में लिखा गया एक 'गुप्त' सुसाइड नोट पिछले सात वर्षों से सीलबंद रखा गया था, जिसे अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया। यह नोट न्यूयॉर्क की उसी जेल कोठरी से मिला था, जहाँ एपस्टीन बंद था।
ग्राफिक नॉवेल के अंदर मिला 'अलविदा' नोट
चौंकाने वाली बात यह है कि यह नोट किसी जांच एजेंसी को नहीं, बल्कि एपस्टीन के सेलमेट और पूर्व पुलिस अधिकारी निकोलस टार्टाग्लियोन को मिला था। टार्टाग्लियोन, जो खुद कई हत्याओं के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है, ने दावा किया कि उसे एक ग्राफिक नॉवेल के पन्नों के बीच पीले रंग का एक कागज मिला। कानूनी पैड से फटे इस कागज पर कथित तौर पर लिखा था— "Time to say goodbye" (अलविदा कहने का समय)।
अधिकारियों से क्यों छिपाया गया नोट?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, टार्टाग्लियोन ने इस नोट को जेल प्रशासन को देने के बजाय सीधे अपने वकीलों को सौंप दिया था। उसे डर था कि यदि वह इसे अधिकारियों को देगा, तो एपस्टीन उस पर हमला करने या आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा सकता है। एक फेडरल जज ने इस सबूत को सीलबंद कर दिया था, जिसके कारण अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) और अन्य जांच एजेंसियां अब तक इसे देख नहीं पाई हैं।
मौत की गुत्थी सुलझने की उम्मीद
अगस्त 2019 में मैनहट्टन जेल में हुई एपस्टीन की मौत को आधिकारिक तौर पर आत्महत्या करार दिया गया था, लेकिन उनकी गर्दन पर मिले निशानों और जेल के खराब सुरक्षा तंत्र ने कई षड्यंत्र सिद्धांतों (Conspiracy Theories) को जन्म दिया। अब इस नोट के सामने आने के बाद यह मांग तेज हो गई है कि इसे सार्वजनिक किया जाए ताकि एपस्टीन की मौत से जुड़े अंतिम सवालों का जवाब मिल सके।